मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धनोरा में दी 132.69 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास Featured

दूरस्थ वनांचल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ किसानों की समृद्धि और महिला सशक्तीकरण की नई पहल

मुख्यमंत्री ने 2.50 करोड़ की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया लोकार्पण, 56 गांवों के 56 हजार ग्रामीणों को मिलेगा लाभ

‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ का किया शुभारंभ, 730 किसानों की परंपरागत उपज को मिलेगी नई बाजार पहचान

बिहान की दीदियां संभालेंगी धान के प्रसंस्करण से लेकर विपणन तक की जिम्मेदारी, ग्रामीण महिलाओं को मिलेंगे स्वरोजगार के नए अवसर

84 गांवों की आस्था के केंद्र पेन खण्डा मुदिया के दर्शन कर मुख्यमंत्री ने की प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना

आदिवासी समाज ने पारंपरिक साफा बांधकर किया मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत

रायपुर  नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में विकास कार्यों की सौगात देने के साथ ही किसानों की समृद्धि, महिलाओं की आत्मनिर्भरता और ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। उन्होंने जिले में 132 करोड़ 69 लाख 43 हजार रुपये की लागत के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया तथा सुदूर वनांचल के किसानों की उपज को नई बाजार पहचान दिलाने के लिए ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य पेन खण्डा मुदिया के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे गांवों और वहां रहने वाले प्रत्येक परिवार तक पहुंचे। दूरस्थ वनांचलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही किसानों की मेहनत को उचित मूल्य और ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के नए अवसर देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों, परंपरागत कृषि पद्धतियों और ग्रामीण प्रतिभाओं को नए अवसरों से जोड़कर ही समृद्ध और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ का निर्माण किया जा सकता है।

धनोरा में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, 56 गांवों के ग्रामीणों को मिलेगी राहत

मुख्यमंत्री श्री साय ने धनोरा में 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया। इस स्वास्थ्य केंद्र से धनोरा सहित आसपास के 56 गांवों के लगभग 56 हजार ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

अब क्षेत्र के लोगों को सामान्य बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य जांच और अन्य आवश्यक चिकित्सा सेवाओं के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

अब तक इस दूरस्थ क्षेत्र के ग्रामीणों को उपचार के लिए जिला मुख्यालय तक जाना पड़ता था, जिससे उन्हें समय और धन दोनों की परेशानी उठानी पड़ती थी। नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन से स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा और हजारों परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।

‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ से किसानों की मेहनत को मिलेगी नई पहचान

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड का शुभारंभ कर वनांचल के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की नई पहल की। इस ब्रांड के माध्यम से ग्राम बेचा, किलम, कड़ेनार और मंदोड़ा के लगभग 730 किसानों द्वारा परंपरागत तरीके से उत्पादित धान को संगठित बाजार से जोड़ा जाएगा।

इन गांवों के किसान लंबे समय से बिना रासायनिक खाद के प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक कृषि पद्धतियों के आधार पर धान की खेती करते आ रहे हैं। उनकी उपज की अपनी विशिष्टता है, लेकिन बाजार तक सीमित पहुंच के कारण किसानों को इसका अपेक्षित मूल्य नहीं मिल पाता था।

अब जिला प्रशासन की पहल पर किसानों के धान का संग्रहण, प्रसंस्करण, ग्रेडिंग और आकर्षक पैकेजिंग कर उसे ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ के नाम से बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा। इससे स्थानीय धान को अलग पहचान मिलने के साथ किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने के अवसर बढ़ेंगे। बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी और मूल्य संवर्धन का लाभ भी किसानों तक पहुंच सकेगा।

Rate this item
(0 votes)

Ads

R.O.NO. 14150/89

MP info RSS Feed

फेसबुक