मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश (9785)

गुना/धरनावदा . शनिवार को ककवासा गांव में बिजली कंपनी के एक लाइनमैन कमलेश गुर्जर निवासी विजयपुर की करंट लगने से मौत हो गई। उसे सकतपुर फीडर पर जंपर जोड़ने का काम सौंपा गया था। इसके लिए रुठियाई स्थित सब स्टेशन से बाकायदा परमिट भी जारी हुआ।
इसके बावजूद लाइन चालू कर दी गई और 11 केवी के  करंट से लाइनमैन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना दोपहर 2 बजे हुई और लाइनमैन का शव ढाई घंटे तक तारों पर लटका रहा। इस दौरान न पुलिस पहुंची न बिजली कंपनी के अधिकारी। करीब एक घंटे बाद पुलिस पहुंची और देरी के सवाल पर सफाई दी कि अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के चलते इमरजेंसी ड्यूटी पर थे। बिजली कंपनी के अधिकारी तो पहुंचे ही नहीं। उलटे रुठियाई सब स्टेशन के सुपरवाइजर गायब हो गए। अब अधिकारी यह साबित करने की कोशिश कर रहे हैं कि गलती लाइनमैन की ही थी। मृतक अपने घर में अकेला कमाने वाला था। उसके दो और छोटे भाई हैं।
लाइनमैन गलत खंभे पर चढ़ गया था। उसे दूसरी लाइन का परमिट दिया गया था। पुलिस ने मोबाइल अपने कब्जे में ले लिए हैं। इससे सच्चाई सामने आएगी। -रविंद्र जैन, जेई, रुठियाई

भाेपाल . शहर में माैसम का मिजाज बदलने लगा है। चक्रवाती तूफान महा का असर खत्म हाेते ही हवा का रुख बदल गया है। माैसम वैज्ञानिकाें का कहना कि दक्षिणी हवा की जगह उत्तर से सर्द हवा अाने लगी है। इसके कारण दिन अाैर रात के तापमान में भी गिरावट हुई। माैसम वैज्ञानिक उदय सरवटे ने बताया कि अगले चार- पांच दिन माैसम का यही ट्रेंड बना रहेगा।
शनिवार काे दिन का तापमान 28.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। शुक्रवार के मुकाबले इसमें 1.2 डिग्री की गिरावट हुई। दिन में तेज धूप भी नहीं चटकी। रात का तापमान 19.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसमें 0.6 डिग्री की कमी अाई। सरवटे के मुताबिक अब प्रदेश में कहीं काेई एेसा सिस्टम नहीं है, जाे उत्तरी हवा काे राेक सके।
दीपावली के बाद पहली बार 200 पार पहुंचा एक्यूआई
भोपाल | राजधानी में नवंबर के दूसरे सप्ताह में शनिवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 200 के पार पहुंच गया है। दीपावली के दिन से अब तक का यह सबसे अधिक एक्यूआई वाला दिन रहा। इस स्थिति में हेल्थी लोगों को भी सांस लेने में परेशानी होने लगती है। राजधानी में वायु प्रदूषण का स्थिति शुक्रवार रात ग्यारस की पूजा के बाद आतिशबाजी होने और बारिश नहीं होने के कारण यह स्थिति बनी है।
इसके कारण रात में 11 बजे से लेकर रात 1 बजे के बीच पीएम-2.5 का स्तर तो 322 तक पहुंच गया था। अगर इसकी तुलना दीपावली से करें तो दीपावली के अगले दिन एक्यूआई 153 तक पहुंचा था। हालांकि पीएम-2.5 रात करीब 12 से 1 बजे के बीच 500 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर तक पहुंच गया था, लेकिन उसके बाद बारिश के कारण इसके 40 तक आने के कारण एक्यूआई ज्यादा खराब नहीं हो पाया।

इंदौर. ईद मिलादुन्नबी के मौके पर रविवार को हिंदू-मुस्लिम एकता की मिशाल पेश की गई। सर्व धर्म संघ के बैनर तले रविवार को यशवंत रोड पर जरूरतमंदों को निःशुल्क कपड़े, दिव्यांगों को व्हील चेयर, और गर्म कपड़ों का वितरण किया गया। इस मौके पर कांग्रेस के संभागीय प्रवक्ता मंजूर बेग, हिन्दू साधु-संत और शहर काजी विशेष रूप से मौजूद थे।
जरूरतमंदों को कपड़ों का वितरण किया।
ईद मिलादुन्नबी के मौके पर प्रतिवर्ष सर्वधर्म संघ जरूरतमन्दों को निःशुल्क सामग्री भेंट की जाती है। 15वें वर्ष भी हिन्दू साधु-संत, शहर काजी डॉ. इशरत अली, कांग्रेस के संभागीय प्रवक्ता मंजूर बेग, सचिव रियाज खान के मुख्य आतिथ्य में सैकड़ों निर्धनों और निःशक्त लोगों को जरूरत की सामग्री भेंट कर अमन चैन की दुआ मांगी गई।

भोपाल। अयोध्या मामले में उच्चतम न्यायालय के फैसले के दूसरे दिन आज भी राजधानी भोपाल समेत संपूर्ण मध्यप्रदेश में शांति कायम है। बाजार खुल गए हैं, दुकानों पर लोगों का आना शुरू हो गया है। हालाकि पुलिस और प्रशासन का अमला पूरे राज्य में स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मुख्यमंत्री कमलनाथ आज भी पीएचक्यू स्थित कंट्रोल रूम से पूरे प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे।  
राजधानी भोपाल में आज सुबह से कल की तुलना में सड़कों पर लोगों की आवाजाही बढ़ गयी और स्थिति सामान्य होने की ओर बढ़ रही है। शहर के बाहरी इलाकों में स्थिति लगभग सामान्य सी हो गयी है। चाय-नाश्ते की दुकानों पर भीड़ है।
इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, सागर, रीवा, उज्जैन, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर और अन्य स्थानों से यहां पहुंची सूचनाओं के अनुसार कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सभी 52 जिलों में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू है। इन सब जगहों पर भी स्थिति सामान्य होने की ओर है। मुस्लिम समाज के धर्म गुरुओं ने शांति व्यवस्था बनी रहे इसको लेकर कई जिलों में मिलादुनबी का जुलूस नहीं निकालने का फैसला लिया है।
राज्य के संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। मुख्यमंत्री कमलनाथ भी स्वयं राजधानी में रहकर सभी जिलों की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। प्रदेश पुलिस के आला अधिकारी दिनरात एक कर सभी जिलों से जानकारी हासिल कर आवश्यक निर्देश दे रहे हैं।
अयोध्या मामले में फैसला आने के पहले ही ऐहतियात के तौर पर अधिकांश जिलों में निषेधाज्ञा पहले से ही लागू कर दी थी। इसके अलावा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने पर भी सख्त पाबंदी लगी हुयी है।

इन्दौर । एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने बीआरसीएम पब्लिक स्कूल विध्य ग्राम बहल (भिवानी) में आयोजित अखिल भारतीय पब्लिक स्कूल (आईपीएससी) की बालिका टेबल टेनिस स्पर्धा में अपनी धाक जमाई है। उसने अंडर-17 वर्ग में लगातार चौथे साल भी खिताब अपनी झोली में डाला। अंडर-19 वर्ग में एमरल्ड हाइट्स की बालिकाएं दूसरे साल भी विजेता बनीं। कक्षा छठी की छात्रा भाग्यश्री दवे अंडर-14 वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनीं।
टीम स्पर्धा के अंडर-17 वर्ग में एमरल्ड हाइट्स के साथ डीपीएस मथुरा रोड़, वेल्हम देहरादून, सिंधिया बालिका स्कूल ग्वालियर, मेयो कॉलेज अजमेर और माडर्न स्कूल दिल्ली की टीमें थीं। एमरल्ड ने इन टीमों में से किसी को भी जीतने का मौका नहीं दिया और सभी लीग मैच जीतकर विजेता बनने का सेहरा अपने सिर बांधा। एमरल्ड हाइट्स की जीत में सार्वी बिष्ट और पूर्वांशी कोटिया ने सभी टीमों के खिलाड़ियों को मात दी। इसके लिए उनकी मदद जयश्री सोनी, वाणी विजयवर्गीय, मैत्री गोयल ने भी की। अंडर-19 वर्ग में भी एमरल्ड हाइट्स के समक्ष कोई भी टीम चुनौती पेश नहीं कर सकी। रिमशा खान और आर्या ठाकुर ने वेल्हम देहरादून, वल्लभ आश्रम, सिंधिया बालिका स्कूल ग्वालियर, मेयो कॉलेज की खिलाड़ियों को मैदान में टिकने नहीं दिया। दोनों के अलावा खुशी माहेश्वरी, परी जैन ने सराहनीय प्रदर्शन किया। अंडर-14 वर्ग में छह टीमों में एमरल्ड हाइट्स दूसरे स्थान पर रहा। उसे एकमात्र पराजय डीपीएस आरके पुरम् के हाथों मिली। भाग्यश्री ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। भाग्यश्री के अलावा आकांक्षा पाटीदार, प्रार्थी मूलचंदानी, यशस्वी मिश्रा, वृंदा पोरवाल अच्छी खेलीं।
अंडर-19 एकल वर्ग के फाइनल में कक्षा 12वीं की रिमशा ने अपनी ही साथी कक्षा 11वीं की आर्या को 3-2 से मात दी। अंडर-17 वर्ग के फाइनल में कक्षा 10वीं की छात्राएं सार्वी और पूर्वांशी आमने-सामने थीं लेकिन सार्वी विजेता बनने में सफल रहीं। अंडर-14 वर्ग के फाइनल में भाग्यश्री की भिड़ंत डीपीएस आरके पुरम् दिल्ली की युक्ति मल्होत्रा से थी और भाग्यश्री ने अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए युक्ति को उपविजेता बनने के लिए मजबूर कर दिया। अपने इसी प्रदर्शन से भाग्यश्री ने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीता। ये सभी खिलाड़ी नीलेश परदेशी व नीतिराज सिंह से प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं। इन खिलाड़ियों का एमरल्ड हाइट्स के संचालक मुक्तेश सिंह, प्राचार्य सिध्दार्थ सिंह, खेल अधिकारी अकरम खान ने सम्मान किया।

भोपाल. मध्यप्रदेश सरकार ने मध्याह्न भोजन में बच्चों को अंडे दिए जाने का प्रस्ताव पारित किया था, जिसके बाद से ही भाजपा द्वारा लगातार इसका विरोध किया जा रहा है। वहीं, अब मध्यप्रदेश सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी ने कहा कि भाजपा ने तब विरोध क्यों नहीं किया? जब महाराष्ट्र में उनकी सरकार द्वारा बच्चों को मध्याह्न भोजन में अंडे दिए जा रहे हैं।  
इमरती देवी ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा मध्याह्न में बच्चों को अंडे दिए जाने का विरोध कर रही है, जबकि इसे महाराष्ट्र में बच्चों को अंडे दिए जाने पर कोई आपत्ति नहीं है।
मंत्री ने कहा कि हम महाराष्ट्र गए और हमने वहां के अधिकारियों से इस मुद्दे पर परामर्श लिया। अधिकारियों ने बताया कि वे 2016 से ही मध्याह्न भोजन में बच्चों को अंडे दे रहे हैं। इमरती देवी ने आगे कहा कि आरएसएस की तो मुख्य शाखा ही महाराष्ट्र में है। वहां उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, जबकि ये लोग मध्यप्रदेश में इसका विरोध कर राजनीति कर रहे हैं। मंत्री ने पूछा कि मैं नहीं जानती कि उन्हें मध्यप्रदेश के बच्चों से क्या दुश्मनी हैं?  
इमरती देवी ने कहा कि हमने इसकी चर्चा की है और डॉक्टरों की सलाह ली है जिन्होंने हमें बताया है कि बच्चों को अंडा देना अच्छा है क्योंकि ये काफी पौष्टिक होता है।
गौरतलब है कि, राज्य में कुपोषण को समाप्त करने के लिए, कांग्रेस सरकार ने घोषणा की कि नवंबर से आंगनवाड़ियों में बच्चों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन में अंडे दिए जाएंगे। जिसके बाद से ही भाजपा ने मध्यप्रदेश सरकार की इस पहल का विरोध किया है।

इंदौर. महाराष्ट्र से फर्जी तरीके से खरीदे गए सिम कार्ड के जरिए इंदौर में इंटरनेशनल कॉल को डोमेस्टिक कॉल में बदलने वाले एक गिरोह के दो सदस्यों को आतंक विरोधी दस्ता (एटीएस) ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार इंटरनेशनल कॉल को गैरकानूनी ढंग से डोमेस्टिक कॉल में बदलकर देश की आंतरिक सुरक्षा को खतरे में डाल रहे दो आरोपियों को मध्य प्रदेश पुलिस की एटीएस ने गिरफ्तार किया है। ये आरोपी पिछले एक साल से अवैध टेलीफोन एक्सचेंज संचालित कर दूरसंचार विभाग को राजस्व को चूना लगा रहे थे।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एटीएस राजेश गुप्ता ने बताया की एटीएस को सूचना मिली थी की महाराष्ट्र से फर्जी तरीके से खरीदे गए सिम कार्ड के जरिए इंदौर में इंटरनेशनल कॉल को डोमेस्टिक कॉल में बदलकर अवैध तरीके से पैसा कमाया जा रहा है। साथ ही देश की आंतरिक सुरक्षा को भी खतरे में डाल जा रहा है।
सूचना पर इंदौर की एटीएस और साइबर क्राइम टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर खातीवाला टैंक और जौहरी पैलेस इंदौर से संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इनके पास से 10 सिम बॉक्स, करीब 150 सिम कार्ड, लैपटॉप, कंप्यूटर, हाईस्पीड इंटरनेट कनेक्शन मॉडम और अन्य तकनीकी उपकरण जब्त किए गए।
अभी तक दो आरोपी मुफद्दल लोखंडवाला पिता नजमुद्दीन लोखंडवाला निवासी इंदौर और बुरहानुद्दीन महूवाला पिता सैफुद्दीन महूवाला निवासी इंदौर को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

भाेपाल . वीअाईपी गेस्ट हाउस में तेंदुए के पगमार्क दिखने के बाद रहवासियाें में इतनी दहशत है कि वे जंगली बिल्ली काे तेंदुअा बता रहे हैं। वन विभाग ने तेंदुए की उपस्थिति काे देखते हुए शुक्रवार दाेपहर पिंजरा लगा दिया है। अब उसे बकरा बांधकर तेंदुए को लुभाने की काेशिश की जा रही है।
वन विभाग के कर्मचारियों काे एक तेंदुए ने परेशान किया हुअा है। भाेपाल वन मंडल की तीनाें टीम  सर्चिंग में लगी हुई है। पगमार्क दिखने के तीसरे दिन अब तेंदुए काे बकरा बांधकर लुभाया जा रहा है। भाेपाल वन मंडल के एसडीअाे सुनील भारद्वाज ने बताया कि रहवासी इलाके में तेंदुए के अस्पष्ट पगमार्क दिखने से लाेगाें में दहशत है। सावधानी के लिए गेस्ट हाउस में पिंजरा लगाया गया है।
तेंदुआ आसपास होगा तो बकरा खाने आएगा : एसडीओ
एसडीओ का कहना है कि कई बार तेंदुअा पेड़ पर रहकर छलावा पैदा करता है। यदि वह अासपास के इलाके में हाेगा ताे पिंजरे में बंधा बकरा खाने अाएगा। यदि वह नहीं अाता है ताे कहा जा सकता है कि वह जिस रास्ते अाया था, उसी रास्ते लाैट गया। उनका कहना है कि गुलमाेहर के पास भी एक तेंदुअा रहवासी इलाके में अा गया था, लेकिन असुरक्षित महसूस हाेने पर वह वापस जंगल में लाैट गया था। उसने भी इसी तरह चार-पांच दिन रहवासी इलाके में घुसकर दहशत पैदा की थी।

भोपाल. दशहरा और दीपावली के बाद शुक्रवार को देवउठनी ग्यारस पर भी शहर के कई हिस्से बारिश से तर हुए, जबकि नए व पुराने शहर के कई इलाकाें में सिर्फ बूंदाबांदी हुई। मिनाल रेसीडेंसी से लेकर अयाेध्या बायपास तक पानी बरसा। एमपी नगर, अरेरा हिल्स, माता मंदिर, राेशनपुरा, सुभाष नगर, अशाेका गार्डन, सेमरा, निशातपुरा, शाहजहांनाबाद, मिसराेद, राेहित नगर, सर्वधर्म, राजहर्ष सहित कई इलाकाें में बूंदाबंादी हुई। अगले दाे- तीन दिन में रात के तापमान में 3-4 डिग्री तक गिरावट हाे सकती है। वरिष्ठ माैसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि उत्तर में हुई बर्फबारी के असर से मौसम में बदलाव होगा।
बादलाें के कारण 3 घंटे में 0.40 ही ऊपर चढ़ सका पारा
शुक्रवार को दाेपहर में बादल घने हाे गए। इससे पारा तेजी से ऊपर नहीं चढ़ा। सुबह 11.30 बजे यह 28.0 डिग्री पर था, तीन घंटे बाद दाेपहर 2.30 बजे यह 28.4 डिग्री तक ही पहुंच सका। अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री रहा।
राजधानी में बीती सात रातों से वायु प्रदूषण लगातार खतरनाक स्तर पर था। पीएम-2.5 का स्तर 200 से 310 के बीच बना हुआ था, लेकिन दो दिन से शहर के कई इलाकों में हुई हल्की बारिश के कारण गुरुवार रात यह घटकर 44 के स्तर पर आ गया। बुधवार रात यह 316 तक पहुंच गया था। शुक्रवार शाम भी बारिश के कारण हवा साफ हो गई। एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) भी सुधरकर 75 पर आ गया। यह संतोषजनक स्थिति में है। बुधवार को पीएम-2.5 रात 12 बजे 316 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर और सुबह 5 बजे 272 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर पर था, जबकि गुरुवार को पीएम-2.5 रात 12 बजे 44 और सुबह 5 बजे 56 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रहा।

इन्दौर । ग्राम गुरान निवासी जगदीश पिता रणछोड़ चौधरी पहले गेहूं और सोयाबीन की पराम्परागत खेती करते थे। इन्दौर के उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों संपर्क में आने के बाद सब्जी की खेती शुरू की, जिससे उन्हें बहुत फायदा हुआ। वे अपनी सारी सब्जी- खीरा, मिर्च, टमाटर बैंगन  इन्दौर कृषि उपज मंडी में रोज बेंचते हैं। उन्हें सालना लगभग 6 लाख 50 हजार रूपये की  आय हो रही है। इनकी फसल पर एक वर्ष में लगभग 3 लाख 50 हजार रूपये खर्च हुये। इस प्रकार उन्हें एक साल में 3 लाख रूपये शुद्ध आय हुई। उन्होंने इस साल 2.4 हेक्टेयर सब्जी की फसल लगाई है।
वे उद्यानिकी विभाग की फसल पर ड्रिप से सिंचाई और मल्चिंग पद्धति से सब्जी की बोनी करते हैं। सब्जी में उन्हें बहुत लाभ मिल रहा है। वे हमेशा उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों से तकनीकी परामर्श लेते रहते हैं। उद्यानिकी विभाग पर सलाह पर सब्जी बोते समय उन्होंने पावर टिलर और अन्य उद्यानिकी यंत्रों का उपयोग किया।
चर्चा के दौरान प्रतिशील कृषक जगदीश ने बताया कि गेहूं और सोयाबीन पराम्परागत खेती की तुलना में सब्जी की खेती में दो गुना आय हो रही है, जिससे पूरा परिवार बहुत सुखी है। उनका पूरा परिवार तकनीकी मार्गदर्शन के लिये उद्यानिकी विभाग का अभारी हैं। उन्होंने सब्जी के साथ-साथ फल-पपीता, नीबू, अनार, अमरूद आदि की खेती करने का निर्णय लिया है।
इस अवसर पर चर्चा के दौरान संयुक्त संचालक उद्यानिकी एस.के. जाटव ने बताया  कि इन्दौर संभाग खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिये किसानों फल और सब्जी की खेती करने के लिये व्यापक पैमाने पर प्रेरित किया जा रहा है। पिछले सात साल में इन्दौर संभाग में फल और सब्जी का रकबा और उत्पादन दो गुना बढ़ गया है, जिससे किसानों का नकदी फसल-फल और सब्जी के लिये प्रेरणा मिल रही है और उनकी माली हालत में काफी सुधार आया है।

Ads

R.O.NO. 13954/94 Advertisement Carousel

MP info RSS Feed

फेसबुक