बड़वानी में अवैध रेत खदान धंसी, 5 मजदूराें की दम घुटने से माैत; हंगामा Featured

अंजड़ थाना क्षेत्र के ग्राम छोटा बड़दा में नर्मदा नदी के किनारे हुआ हादसा
पांचों मजदूर मिट्‌टी के टीले के नीचे से रेत निकाल रहे थे
बड़वानी. मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में अवैध रेत खदान धंसने से पांच मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। जिस समय खदान धंसी, मजदूर रेत खनन का काम कर रहे थे। सूचना के बाद एसपी और कलेक्टर मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। घटना से क्षेत्र में गम और गुस्सा देखने को मिल रहा है।
इसी खदान से रेत निकाल रहे थे मृतक।
घटना अंजड़ थाना क्षेत्र के ग्राम छोटा बड़दा की है। मजदूरों की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पता चला है कि शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे अवैध खुदाई के दौरान अचानक जोर की आवाज आई और खदान धंस गई। मरने वाले मजदूर खदान में भीतर काम कर रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से रेस्क्यू कर सभी को बाहर निकाला।
कलेक्टर अमित तोमर ने कहा कि जहां पर खनन किया जा रहा था, वह शासकीय जमीन थी। किसी को अलॉट नहीं थी। प्रशासन को जहां सूचना मिलती है, वहां कार्रवाई की जाती है। इस मामले में भी दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी तेनीवार ने कहा कि हादसा नर्मदा नदी के किनार पर हुआ है। नदी किनारे बड़े-बड़े मिट्‌टी के टीले हैं, इन टीलों के नीचे रेत है। इसी की खुदाई के लिए पांच लोग आए थे। मामले में जांच चल रही है।
शव नहीं उठाने दे रहे ग्रामीण
ग्रामीण दयाराम यादव ने बताया कि हादसे में प्रभु रामदास कोली, लल्लू बाबू कोली, परसराम मायाराम कोली, राकेश रमेश मानकर और लखन धुरजी मानकर की मौत हुई है। परिजन ट्रैक्टर मालिक को बुलाने की बात पर अड़ गए और शवों को नहीं उठाने दिया।
जिले में अवैध खनन धड़ल्ले से चल रहा है। सुप्रीम कोर्ट, एनजीटी की रोक के बाद भी यहां पर बालू, रेत का अवैध खनन सालों से चल रहा है।  कलेक्टर से लोगों ने इलाके में हो रहे अवैध खनन की शिकायत भी की। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया। लेकिन, कुछ दिनों तक सख्ती दिखाकर रेत खनन बंद करवा दिया जाता है।

Rate this item
(0 votes)

Latest from newscreation

Ads

R.O.NO. 13954/94 Advertisement Carousel

MP info RSS Feed

फेसबुक