ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की
मुख्यमंत्री ने लंगर में ग्रहण किया प्रसाद
सिख समाज के लोगों को प्रकाश पर्व की दी बधाई एवं शुभकामनाएं
रायपुर, 24 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर गुरूद्वारा श्री सिंगसभा सेक्टर 6 भिलाई में आयोजित प्रकाश पर्व समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने गुरूद्वारा में मत्था टेका तथा पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश नवाकर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धाभाव से लंगर में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने भी गुरूद्वारा में मत्था टेका और लंगर में प्रसाद ग्रहण किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रकाश पर्व समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सभी गुरु नानक देव जी की जयंती मनाने के लिए यहां एकत्रित हुए हैं। यह हम सभी के लिए बड़े सौभाग्य का विषय है कि इस पावन अवसर पर पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश नवाने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि गुरू नानक देव जी की जयंती को हम सभी प्रकाश पर्व के रूप में मनाते हैं। मुख्यमंत्री ने सिख समाज के संतजनों, समाज के सभी बंधुओं, माताओं-बहनों एवं युवा साथियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सिख समाज का आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन हम सभी को निरंतर मिलता रहे। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक श्री रिकेश सेन, क्रेडा के अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सवन्नी, श्री प्रेम प्रकाश पांडेय, संभाग आयुक्त श्री सत्यनारायण राठौर, आईजी श्री अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि सिख समाज के संतजन, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।