ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
बैडमिंटन में धैर्य, चपलता और एकाग्रता का विशेष महत्व : श्री अरुण साव
'छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को ओलंपिक तक पहुंचाना लक्ष्य, बैडमिंटन स्टेडियम निर्माण की मिली है स्वीकृति'
रायपुर. 24 नवम्बर 2026. उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने आज राजधानी रायपुर के मोवा स्थित आईस्पोर्ट्ज़ बैडमिंटन एरिना में छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित 5वीं मिनी राष्ट्रीय बैडमिंटन स्पर्धा का शुभारंभ किया। चार दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 30 राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के 250 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए श्री साव ने सभी खिलाड़ियों से व्यक्तिगत परिचय प्राप्त किया और उनसे खेल से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
'बैडमिंटन में धैर्य, एकाग्रता और चपलता जरूरी'
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि बैडमिंटन केवल शारीरिक क्षमता का खेल नहीं है, बल्कि इसमें धैर्य, चपलता, तेज नजर, पैरों की फुर्ती और तुरंत निर्णय लेने की क्षमता भी जरूरी होती है। इस खेल में प्रत्येक खिलाड़ी को पूरे अनुशासन और एकाग्रता के साथ खेलना पड़ता है। खेल के मैदान में मिलने वाली सीख जीवन में भी सफलता हासिल करने में सहायक होती है। उन्होंने कहा कि ऐसी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलता है। यहां से खिलाड़ी नए अनुभव और बेहतर सीख लेकर जाएंगे।
'खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने साय सरकार प्रतिबद्ध'
श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में साय सरकार ने बैडमिंटन स्टेडियम के निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान की है। हमारा प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिले और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं।
'अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी बढ़ा रहे प्रदेश का गौरव'
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। हाल ही में एशियन पैरा गेम्स-2026 में प्रदेश के श्री अभिजीत सखूजा ने पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने उनकी इस उपलब्धि पर 31 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। यह खिलाड़ियों की मेहनत और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में साय सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
श्री साव ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी ओलंपिक तक पहुंचे और देश के लिए पदक जीतें। खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रोत्साहन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। खेल के प्रति युवाओं का उत्साह बढ़ रहा है और प्रदेश से लगातार नई खेल प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। खेल के माध्यम से खिलाड़ी न केवल अपना भविष्य संवारते हैं, बल्कि देश और प्रदेश का नाम भी रोशन करते हैं। राष्ट्रीय बैडमिंटन स्पर्धा के शुभारंभ के मौके पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती आकांक्षा शिक्षा खलखो, छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री विक्रम सिसोदिया, सचिव श्री संजय मिश्रा, कोषाध्यक्ष श्री संजय भंसाली, सुश्री कविता दीक्षित, श्री अनुराग दीक्षित, खेल अधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।