ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा में तकनीकी नवाचार का नया अध्याय, उच्च शिक्षा विभाग और गूगल फॉर एजूकेशन के बीच एमओयू
रायपुर के 22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक शिक्षकों सहित उच्च शिक्षा संचालनालय के 50 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को एआई प्रशिक्षण
रायपुर, 23 नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा को आधुनिक तकनीक, नवाचार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में उच्च शिक्षा विभाग और गूगल फॉर एजूकेशन के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) के माध्यम से प्रदेश के महाविद्यालयों में शिक्षण, अनुसंधान और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में नया अध्याय शुरू हुआ है। इस पहल के अंतर्गत प्राध्यापकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एआई तकनीक के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा व्यवस्था बदलाव लाने की रखता है क्षमता
उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने आज 23 नवंबर को दीन दयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित एमओयू हस्ताक्षर एवं एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युग ज्ञान, नवाचार और तकनीक का है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव लाने की क्षमता रखता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार उच्च शिक्षा में आधुनिक तकनीक के समुचित उपयोग को प्रोत्साहित कर रही है।
एआई तकनीक शिक्षकों भूमिका को प्रभावी बनाने में सहायक
मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि एआई शिक्षकों का विकल्प नहीं, बल्कि उनकी कार्यक्षमता, रचनात्मकता और शिक्षण प्रभावशीलता को कई गुना बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण साधन है। एक अच्छा शिक्षक विद्यार्थियों को केवल जानकारी ही नहीं देता, बल्कि उनमें सोचने, समझने, प्रश्न करने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी विकसित करता है। एआई तकनीक शिक्षकों की इस भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध हो सकती है।
बहुभाषी अध्ययन सामग्री, शोध और मूल्यांकन में मिलेगी नई सुविधा
उच्च शिक्षा मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि एआई तकनीक के माध्यम से प्राध्यापक बहुभाषी अध्ययन सामग्री तैयार कर सकेंगे। जटिल विषयों को सरल एवं रोचक तरीके से समझाने, बेहतर पाठ योजनाएं बनाने, विद्यार्थियों के मूल्यांकन एवं फीडबैक को अधिक प्रभावी बनाने तथा शोध कार्यों में नई संभावनाओं का उपयोग करने में सहायता मिलेगी। छत्तीसगढ़ जैसे विविध भाषाई, सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में यह तकनीक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच का विस्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
प्रशासनिक कार्यों में बढ़ेगी दक्षता, समय की होगी बचत
इस पहल का लाभ केवल शिक्षकों और विद्यार्थियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि महाविद्यालयों एवं विभागीय कार्यालयों में कार्यरत गैर-शिक्षकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भी मिलेगा। एआई की सहायता से पत्राचार, दस्तावेज तैयार करने, सूचनाओं के विश्लेषण और विभिन्न कार्यालयीन कार्यों को अधिक सरल, व्यवस्थित एवं समयबद्ध बनाया जा सकेगा। इससे प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता में सुधार के साथ कार्यक्षमता बढ़ेगी और समय की बचत होगी।
22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक शिक्षकों एवं अधिकारियों को प्रशिक्षण
कार्यक्रम की महत्वपूर्ण उपलब्धि यह है कि प्रारंभिक कार्यशाला में रायपुर जिले के 22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक शिक्षकों, अधिकारियों तथा उच्च शिक्षा संचालनालय के 50 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एआई तकनीक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस प्रारंभिक प्रशिक्षण के बाद विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए 10 ऑफलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। आवश्यकता के अनुसार ऑनलाइन प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।