ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
० पत्रकारिता की गरिमा, निष्पक्षता और सामाजिक सरोकारों को बनाए रखने पर दिया जोर
भिलाई। दैनिक न्यूज क्रिएशन के स्थापना दिवस के अवसर पर सुपेला स्थित होटल इंडिया इंडियन कॉफी हाउस में गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता जगत से जुड़े वरिष्ठ पत्रकारों, संपादकों, लेखकों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर संस्थान की यात्रा और पत्रकारिता के दायित्वों पर अपने विचार व्यक्त किए। समारोह के मुख्य अतिथि दैनिक श्रम बिंदु के संपादक शिव श्रीवास्तव थे, जबकि अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार शिवनाथ शुक्ल ने की। इस अवसर पर वक्ताओं ने पत्रकारिता की बदलती परिस्थितियों, उसकी सामाजिक जिम्मेदारी और लोकतंत्र में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के प्रकाशन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को सही दिशा देने, जनसमस्याओं को सामने लाने और आमजन की आवाज को जिम्मेदारी के साथ उठाने का सशक्त माध्यम है। वर्तमान समय में पत्रकारिता की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। मुख्य अतिथि शिव श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में क्षेत्रीय पत्रकारिता के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा की छोटे एवं मझोले अख़बारों ने सामाजिक परिवर्तन में बड़ा योगदान दिया है । यह समय के साथ बदल रहा है और पत्रकारिता नए स्वरुप में सामने आ रही है । श्रीवास्तव ने कहा कि आज पत्रकारों के ऊपर जिम्मेदारियां पहले से बढ़ गयी हैं । अध्यक्षीय उद्बोधन में वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार शिवनाथ शुक्ल ने पत्रकारिता के मूल्यों और सामाजिक सरोकारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकारिता की वास्तविक पहचान उसकी विश्वसनीयता, निर्भीकता और जनपक्षधरता से होती है। पत्रकारों को बदलते दौर की चुनौतियों के बीच अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करना चाहिए। उन्होंने प्रतिबद्ध और ईमानदार पत्रकारिता पर जोर देकर कहा कि यही सुन्दर समाज के निर्माण में सहायक होंगे । विशिष्ट अतिथियों के रूप में वरिष्ठ पत्रकार विमल थापा, प्रदीप सान्याल, सतीश बौद्ध, राजेश मिश्रा एवं निर्भय पांडेय ने भी अपने उद्भोदन ने पत्रकारिता के महत्व को रेखांकित किया ।
इसके पूर्व दैनिक न्यूज़ क्रिएशन के सम्पादक ईश्वर दुबे ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अख़बार के विकास यात्रा से लोगों को अवगत कराया । समारोह में शुभम शर्मा, बबलू, पुरेंद्र देशमुख, श्रीमती किरण दुबे, मनोज श्रीवास्तव सहित अनेक पत्रकार एवं लेखक उपस्थित रहे।