ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
मुख्यमंत्री श्री साय की संवेदनशील पहल पर दूरस्थ गांव में शुरू हुआ मोबाइल टॉवर
अब शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग और शासकीय सेवाओं तक होगी आसान पहुंच
रायपुर, जुलाई 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सशक्त नेतृत्व और दूरस्थ क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने की संवेदनशील पहल के तहत, प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार बीजापुर जिले के उसूर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पुसबाका में नए मोबाइल नेटवर्क टॉवर का सफलतापूर्वक संचालन शुरू हो गया है। वर्षों से मोबाइल नेटवर्क की समस्या झेल रहे ग्रामीणों के लिए यह बड़ी राहत और विकास की नई शुरुआत है।
मोबाइल टॉवर शुरू होने से गांव और आसपास के क्षेत्रों में संचार व्यवस्था हुई मजबूत
बीजापुर जिला मुख्यालय से लगभग 65 से 70 किलोमीटर दूर स्थित पुसबाका अब बेहतर मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सुविधा से जुड़ गया है। मोबाइल टॉवर शुरू होने से गांव और आसपास के क्षेत्रों में संचार व्यवस्था मजबूत हुई है तथा लोगों को डिजिटल सेवाओं का लाभ आसानी से मिलने लगा है।
मोबाइल सुविधा से सभी वर्ग को लाभ
अब ग्रामीण मोबाइल कॉल, वीडियो कॉल, ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई भुगतान, ई-गवर्नेंस सेवाओं और अन्य इंटरनेट आधारित सुविधाओं का सहज उपयोग कर सकेंगे। इससे विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, किसानों, महिलाओं और व्यापारियों को विशेष लाभ मिलेगा।
डिजिटल इंडिया और सुशासन का लक्ष्य हुआ मजबूत
बेहतर नेटवर्क के कारण शासन की विभिन्न ऑनलाइन योजनाओं का लाभ भी अब तेजी से ग्रामीणों तक पहुंचेगा। टेलीमेडिसिन के माध्यम से स्वास्थ्य परामर्श, ऑनलाइन आवेदन, डिजिटल दस्तावेजों का उपयोग तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित संपर्क जैसी सुविधाएं अब पहले से अधिक सुलभ होंगी। यह पहल डिजिटल इंडिया और सुशासन के लक्ष्य को भी मजबूत करेगी।
शासकीय सेवाओं से डिजिटल माध्यम से जुड़ सकेंगे
मोबाइल टॉवर शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से बेहतर मोबाइल नेटवर्क की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब गांव के लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और शासकीय सेवाओं से डिजिटल माध्यम से जुड़ सकेंगे तथा देश-दुनिया से उनका संपर्क भी पहले की तुलना में अधिक मजबूत होगा।
सुशासन और अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने संकल्प हो रहा है साकार
ग्राम पंचायत पुसबाका में स्थापित यह मोबाइल टॉवर केवल संचार सुविधा का विस्तार नहीं, बल्कि दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के समावेशी विकास, सुशासन और अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने के संकल्प का प्रभावी उदाहरण है।