इंदौर. सरदार वल्लभ भाई पटेल की जन्म जयंती गुरुवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में श्रद्धा पूर्वक मनाई गई। इस मौके आयोजित रन फॉर यूनिटी में इंदौरियों के साथ प्रशासनिक अधिकारी ही नहीं कई विधायक और सांसद दौड़े। इस एकता दौड़ की खास बता यह रही कि इसमें भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के नेता एक मंच पर नजर आए। दौड़ को सांसद शंकर लालवानी, विधायक संजय शुक्ला, रमेश मेंदोला, महेंद्र हार्डिया और विनय बाकलीवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सांसद और विधायक गणों ने दिखाई हरी झंडी।
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के मौके पर गुरुवार को सुबह 7 बजे रन फॉर यूनिटी दौड़ का आयोजन किया गया। यह एकता दौड़ नेहरू स्टेडियम से सुबह 7 बजे शुरू हुई। दौड़ नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः नेहरू स्टेडियम पर आकर समाप्त हुई। दौड़ के पहले इसमें शामिल धावकों को देश की एकता और अखंडता के लिए काम करने की शपथ दिलवाई गई।
सांसद ने एकता और अखंडता की शपथ दिलवाई।
रन फॉर यूनिटी रन फॉर यूनिटी में स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ ही पुलिस बीएसएफ एनसीसी कैडेट्स विभिन्न खेल संगठनों के खिलाड़ी शासकीय कर्मचारी अधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में सांसद शंकर लालवानी के साथ ही भाजपा विधायक रमेश मेंदोला, महेंद्र हार्डिया, कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला, शहर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष विनय बाकलीवाल कर्मचारी संघ के नेता हरीश बोयत के साथ ही विभिन्न दलों के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए।
बीएसएफ जवानों ने भी लगाई एकता की दौड़।
इस दौड़ में ंइंदौरियों के साथ ही बीएसएफ, पीटीएस, एपीटीएस,नेहरू युवा केंद्र, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, इंदौर मैराथन एसोसिएशन आदि खेल संघटनों के सदस्य और अन्य खिलाड़ी शामिल हुए। दौड़ नेहरू स्टेडियम से शुरू हुई जो जीपीओ, छावनी चौराहा, मधुमिलन टॉकीज, सरदार वल्लभभाई पटेल प्रतिमा, रीगल चौराहा, एमवाय अस्पताल के सामने से होते हुए नेहरू स्टेडियम पर समाप्त हुई। समापन अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जोसेफ बक्सला ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपस्थित जनों को राष्ट्रीय एकता, अंखडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने का संकल्प दिलवाया गया।