कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह अक्सर अपने बयानों के कारण सुर्खियों में छाए रहते हैं। रविवार को उन्होंने कहा कि भाजपा और बजरंग दल पैसे लेकर आईएसआई के लिए जासूसी कर रहे हैं। उनके इस बयान पर शिवराज सिंह का पलटवार भी आया था। अब वह अपने इस बयान से पलट गए हैं और उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया है। इसे लेकर उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, 'कुछ चैनल चला रहे हैं कि मैंने भाजपा पर यह आरोप लगाया है कि वे आईएसआई से पैसा लेकर पाकिस्तान के लिए जासूसी करते हैं। यह पूरी तरह से गलत है।'
इससे पहले मध्यप्रदेश के भिंड में दिग्विजय ने कहा, 'बजरंग दल, भाजपा आईएसआई (पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी) से पैसा ले रहे हैं। इनपर ध्यान देने की जरूरत है। गैर-मुस्लिम पाकिस्तान की आईएसआई के लिए मुस्लिमों की तुलना में ज्यादा जासूसी कर रहे हैं। हमें इसे समझना चाहिए। हमारी विचारधारा की लड़ाई भाजपा और आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) से है जिन्होंने आजाद भारत के संघर्ष में कहीं भाग नहीं लिया और अब हमें राष्ट्रीयता का सबक सीखाना चाहते हैं। दिग्विजय ने कहा, '1947 से पहले ये लोग (भाजपा-आरएसएस) कहां थे? जब इंदिरा ने पाकिस्तान के दो टुकड़े किए तब ये लोग कहां थे? इसलिए हमको सबक देने की जरूरत नहीं है।'