कोहली बने मैन ऑफ द मैच…..भारत की दक्षिण अफ्रीका पर सबसे बड़ी जीत Featured

भारत ने पुणे में खेले गए तीन टेस्ट की सीरीज के दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका को पारी और 137 रन से हरा दिया। इसी के साथ टीम इंडिया ने सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली। पारी के लिहाज से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह सबसे बड़ी जीत है। भारत ने दक्षिण अफ्रीका को पिछली बार 2010 में पारी और 57 रन से हराया था। साथ ही टीम इंडिया की घरेलू मैदान पर ये लगातार 11वीं सीरीज जीत है। पिछली बार उसे 2012 में इंग्लैंड ने हराया था। पहली पारी में नाबाद 254 रन बनाने वाले भारतीय कप्तान विराट कोहली को मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया।
मैच में भारत ने पहली पारी में 5 विकेट पर 601 रन बनाकर पारी घोषित की थी। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका पहली पारी में 275 पर ऑलआउट हुई। फॉलोऑन खेलते हुए दूसरी पारी में अफ्रीकी टीम 189 रन ही बना सकी। दोनों टीमों के बीच सीरीज का आखिरी मैच 19 अक्टूबर से रांची में होगा। पहला टेस्ट भारत 203 रन से जीता था।
कोहली की कप्तानी भारत की पारी से ये आठवीं जीत हैं। इस मामले में उन्होंने मोहम्मद अजहरुद्दीन की बराबरी कर ली। उनसे आगे सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी (9) हैं। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका की टीम फरवरी 2010 के बाद पहली बार भारत के खिलाफ पारी से हारी। तब टीम इंडिया ने कोलकाता में उसे पारी और 57 रन से हराया था।
दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा 48 रन डीन एल्गर ने बनाए। टेम्बा बवुमा ने 38, वर्नोन फिलैंडर ने 37 और केशव महाराज ने 22 रन का योगदान दिया। भारत के लिए उमेश यादव और रविंद्र जडेजा ने 3-3 विकेट लिए। अश्विन को दो, इशांत शर्मा और मोहम्मद शमी को एक-एक सफलता मिली।
रविचंद्रन अश्विन ने डीन एल्गर को 48 रन पर उमेश यादव के हाथों कैच आउट कराया। इसी के साथ उन्होंने सबसे ज्यादा विकेट के मामले में श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर चामिंडा वास और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी डेनिस लिली को पीछे छोड़ दिया। अश्विन ने अब तक 67 टेस्ट में 356 विकेट लिए हैं। अश्विन ने पहली पारी में चार और दूसरी पारी में अब तक दो विकेट लिए। भारत ने दक्षिण अफ्रीका को पहली बार फॉलोऑन खिलाया है। साथ ही इंडिया 2008 के बाद अफ्रीकी टीम को फॉलोऑन खिलाने वाली पहली टीम भी बन गई है। आखिरी बार इंग्लैंड ने जुलाई 2008 में लॉर्ड्स टेस्ट में द. अफ्रीका को फॉलोऑन खिलाया था। यह मैच ड्रॉ रहा था।
अश्विन अफ्रीकी टीम के ओपनर डीन एल्गर को सबसे ज्यादा बार आउट करने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने एल्गर को 6 बार पवेलियन भेजा। अश्विन के बाद श्रीलंका के दिलरुवान परेरा, ऑस्ट्रेलिया के नाथन लियोन और इंग्लैंड के मोईन अली ने 5-5 बार एल्गर को आउट किया।

Rate this item
(0 votes)

Ads

फेसबुक